सोमवार

भारत की वेस्ट इंडीज पर धमाकेदार जीत

at 10:36

मनोज जैसवाल-चेन्नै।। युवराज सिंह (113 रन) की शानदार सेंचुरी की बदौलत भारत ने वेस्ट इंडीज को 80 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। युवराज सिंह को मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। 

अब भारत का सामना क्वॉर्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगा। वैसे तो भारत पहले ही क्वॉर्टर फाइनल में पहुंच चुका था, लेकिन टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए इस मैच में जीत जरूरी थी। 

स्कोरकार्ड : भारत Vs. वेस्ट इंडीज 

टॉस जीत कर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए वेस्ट इंडीज को 269 रन का टारगेट दिया। भारत के 268 रन के जवाब में वेस्ट इंडीज ने सधी शुरुआत करनी चाही थी, लेकिन अश्विन ने एडवर्ड्स को 17 रन के निजी स्कोर पर एलबीडल्ब्यू करके पहला झटका दिया। 
इसके बाद स्मिथ और ब्रावो ने पारी को संभाला लेकिन रैना ने 22 रन बना चुके ब्रावो को हरभजन के हाथों कैच कराया। 

स्मिथ और रामनरेश सरवन की जोड़ी जम गई। स्मिथ सेंचुरी की ओर बढ़ ही रहे थे कि जहीर ने 81 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। स्मिथ के आउट होने के अगले ही ओवर ने हरभजन सिंह ने तूफानी बल्लेबाज पोलार्ड को आउट करके भारत की उम्मीदें बढ़ा दीं। 1 रन बना चुके पोलार्ड को पठान ने लपका। 

पढ़ें : क्वॉर्टरफाइनल में कौन भिड़ेगा किससे 

इसके बाद थॉमस युवराज सिंह की गेंद पर आगे बढ़े, तो धोनी ने उनके पीछे लौटने से पहले ही स्टंप कर दिया। थॉमस 2 रन बना सके। थॉमस ने धोनी को भी स्टंप किया था और धोनी ने थॉमस को स्टंप करके हिसाब बराबर कर दिया। 

मुनफ पटेल ने सैमी को अपनी गेंद पर रन आउट किया। सैमी केवल 2 रन बना सके। रशेल को युवराज ने पठान के हाथों कैच कराया। रशेल अपना खाता भी नहीं खोल सके। 

जहीर की गेंद पर सुलेमान को मुनफ पटेल ने कैच किया। सुलेमान 3 रन बना पाए। काफी देर से टिके सरवन को जहीर ने अश्विन के हाथों कैच कराया। सरवन ने 39 रन बनाए। 1 रन बना चुके रामपॉल को अश्विन ने बोल्ड कर भारत को जीत दिलाई। 

भारत की तरफ से जहीर खान ने 3 विकेट लिए। अश्विन और युवराज को 2-2 विकेट मिले। हरभजन और रैना ने 1-1 विकेट लिया। 

मैच शुरू होते ही भारत को पहला बड़ा झटका लगा। सचिन तेंडुलकर 2 रन बना कर आउट हो गए। पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर सचिन को रामपॉल की गेंद पर थॉमस ने लपका। 

सचिन के बाद गंभीर भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। 26 गेंद पर 22 रन बना चुके गंभीर को रामपॉल की ही गेंद पर रसेल ने कैच किया। भारत की इस खराब हालत को युवराज सिंह और विराट कोहली ने संभाला। पहले युवराज और फिर विराट कोहली ने हाफ सेंचुरी ठोकी। 

इसके बाद कोहली 59 रन बना कर आउट हो गए। कोहली को रामपॉल ने बोल्ड कर दिया। लेकिन इसके बाद युवराज सिंह ने 112 गेंद में शानदार सेंचुरी जड़ी। युवराज ने अपनी सेंचुरी पूरी करने के लिए 10 चौके और 1 छक्का जड़ा। 

कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कुछ खास नहीं कर सके। धोनी 22 रन बना कर बिशू की गेंद पर स्टंप हुए। इस मैच में सहवाग की जगह सुरेश रैना को मौका दिया गया था लेकिन रैना 8 गेंद में 4 रन बना पाए थे कि सैमी की गेंद पर रामपॉल ने उन्हें कैच कर लिया। 

रैना के बाद युवराज आउट हुए लेकिन तब तक युवराज अपना काम कर चुके थे। युवराज ने 123 गेंद में 113 रन बनाए। युवराज ने 10 चौके और 2 छक्के जड़े। युवराज को पोलार्ड ने अपनी ही गेंद पर खुद कैच किया। 

धाकड़ बल्बेबाज यूसुफ पठान 10 गेंद में 11 रन बना कर रामपॉल की गेंद पर बोल्ड हुए। हरभजन भी 6 गेंद पर 3 रन बना पाए थे कि रशेल की गेंद पर पोलार्ड ने लपक लिया। 5 रन बना चुके जहीर खान को रामपॉल ने बोल्ड किया। 

जहीर के विकेट के साथ ही रामपॉल ने इस मैच में अपने 5 विकेट पूरे किए। मुनफ पटेल को 1 रन के निजी स्कोर पर रशेल ने बोल्ड किया। इसके साथ ही टीम इंडिया पारी में 5 गेंद पहले ही ऑलआउट हो गई। 

वेस्ट इंडीज के रामपॉल ने 5 और रशेल ने 2 विकेट झटके। सैमी, बिशू और पोलार्ड को 1-1 विकेट मिला।
mamojjaiswalpbt@gmail.com
 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें